शराब ठेकेदार से 1.53 लाख की लूट का खुलासा, पूर्व कर्मचारी समेत चार गिरफ्तार ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

शराब ठेकेदार से 1.53 लाख की लूट का खुलासा, पूर्व कर्मचारी समेत चार गिरफ्तार !

😊 Please Share This News 😊

फरीदाबाद

      थाना कोतवाली क्षेत्र में शराब ठेकेदार से 1 लाख 53 हजार रुपये की लूट के मामले का क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश ठेकेदार के पूर्व कर्मचारी ने अपने साले और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर रची थी। आरोपियों ने ठेकेदार की गतिविधियों की रेकी करने के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया।

      क्राइम एसीपी अमन यादव ने बताया कि एनआईटी-2 निवासी चरण सिंह कन्हैया का डबुआ चौक पर शराब का ठेका है। 15 जुलाई की रात वह ठेके की करीब 1 लाख 53 हजार रुपये की बिक्री लेकर बाइक से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान एनआईटी-2 के ई-ब्लॉक के पास तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने कट्टा दिखाकर ठेकेदार से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

      जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल प्रिंस उर्फ राजा पहले शराब ठेके पर कर्मचारी था। उसे 8 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था। पुलिस के मुताबिक वेतन के कुछ रुपये नहीं मिलने के बाद प्रिंस ने नौकरी छोड़ दी थी। नौकरी के दौरान उसे ठेकेदार की रोजाना की गतिविधियों और इस बात की जानकारी हो गई थी कि ठेकेदार बिक्री की रकम अपने साथ लेकर घर जाता है।

      पुलिस के अनुसार इसी जानकारी के आधार पर प्रिंस ने अपने साले अंकित के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। बाद में उसने रवि और अमित पाल को भी साजिश में शामिल कर लिया। वारदात से पहले आरोपियों ने ठेकेदार की गतिविधियों की रेकी की। लूट के लिए उन्होंने दिल्ली के सोनिया विहार क्षेत्र से एक बाइक भी चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इससे पहले भी लूट का प्रयास किया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

      इसके बाद 15 जुलाई की रात आरोपियों ने ठेकेदार को रास्ते में रोककर कट्टा दिखाया और रुपयों से भरा बैग लूट लिया। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने 13 अगस्त को कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

       गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस उर्फ राजा, रवि उर्फ रोहित उर्फ मोटा, अमित पाल और अंकित उर्फ लप्पा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। चारों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

       पुलिस आरोपियों से लूट की रकम, वारदात में इस्तेमाल कट्टा और चोरी की बाइक बरामद करने के साथ-साथ उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रवि के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और लड़ाई-झगड़े से संबंधित तीन मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं प्रिंस के खिलाफ भी लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज बताया गया है।

रिपोर्ट— अरुण शर्मा, फरीदाबाद

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
error: Content is protected !!