मोदी के 12 वर्षों में बदला भारत का स्वरूप, विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित हुए : कृष्णपाल गुर्जर
|
😊 Please Share This News 😊
|

···नेहरू कॉलोनी प्रभावितों के पुनर्वास का भरोसा, अनंगपुर विवाद पर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप
रिपोर्ट – अरुण शर्मा, फरीदाबाद
फरीदाबाद। सेक्टर-15 स्थित भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक भारत ने विकास, सुशासन, आर्थिक मजबूती, आधारभूत ढांचे, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पहले दिन से ही राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और इसी दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज गति से विकसित होने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी लगातार मजबूत हुई है तथा कर संग्रह में भी रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह तक जीएसटी संग्रह 2.48 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच चुका है, जो देश की सुदृढ़ आर्थिक स्थिति का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्योग और स्टार्टअप समेत सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। कभी सीमित संख्या में मौजूद स्टार्टअप आज लाखों युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार का माध्यम बन चुके हैं। वहीं यूनिकॉर्न कंपनियों की संख्या में भी कई गुना वृद्धि हुई है। आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 94 हजार किलोमीटर से बढ़कर डेढ़ लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है, जिससे देश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रभावी नीतियों के चलते देश के 126 जिलों से नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त करने में सफलता मिली है। साथ ही नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता को दर्शाता है।
प्रेसवार्ता के दौरान आरआरटीएस एवं एलिवेटेड पुल परियोजना के अंतर्गत नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुए मकान ध्वस्तीकरण के मुद्दे पर भी कृष्णपाल गुर्जर ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और गरीब कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी को उजाड़ने में नहीं, बल्कि बसाने में विश्वास रखती है। जो परिवार निर्धारित मानदंडों के अंतर्गत आते हैं, उन्हें पुनर्वास नीति के तहत बसाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
अनंगपुर गांव को लेकर चल रहे विवाद पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा वन क्षेत्र की सीमा की ओर अपने मकानों का विस्तार किया गया था, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो मकान पूरी तरह अनंगपुर गांव की सीमा के भीतर हैं, उन्हें किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई जाएगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर इस मुद्दे को लेकर भ्रम और अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि अनंगपुर क्षेत्र को वन क्षेत्र के दायरे में लाने और उसकी सीमा विस्तार की प्रक्रिया पूर्ववर्ती सरकारों के समय हुई थी, जबकि वर्तमान सरकार गांव के लोगों को राहत दिलाने और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने नेहरू कॉलोनी में भाजपा नेताओं द्वारा जमीन खरीदने संबंधी आरोपों को भी पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि पुनर्वास विभाग के अधीन है और वहां किसी प्रकार की खरीद-फरोख्त संभव नहीं है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक मजबूती से स्थापित होगा तथा विकास और जनकल्याण की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

