अल हसनैन पब्लिक स्कूल हादसे में विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश !
|
😊 Please Share This News 😊
|

सम्भल (बहजोई), 17 अगस्त 2026
विकासखंड असमोली के ग्राम मदाला फतेहपुर स्थित अल हसनैन पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान छज्जा गिरने से एक बालक की मृत्यु तथा दो बच्चे घायल होने की दुखद घटना हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही 15 अगस्त को ही जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने मृत बालक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को घटना की गंभीरता से जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सम्भल द्वारा उपलब्ध कराई गई जांच आख्या एवं साक्ष्यों के आधार पर विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही प्रथमदृष्टया सामने आई है।
जांच आख्या के अनुसार, विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान बच्चे कार्यक्रम देखने के लिए विद्यालय की बाउंड्रीवाल पर अनधिकृत रूप से चढ़ते हुए दिखाई दे रहे थे। इसी दौरान विद्यालय के गेट के ऊपर स्थित छज्जे पर बच्चों का अधिक भार होने के कारण छज्जा एवं उसके साथ लगी दीवार गिर गई। इस हादसे में एक बालक की मृत्यु हो गई तथा दो बच्चे घायल हुए।
घटना के संबंध में विद्यालय परिसर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्राप्त की गई है, जिसमें घटना का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। जांच में यह भी पाया गया कि विद्यालय प्रबंधन/प्रधानाध्यापक/संचालक द्वारा बच्चों को छत एवं दीवार पर जाने से रोकने के लिए अपेक्षित सावधानी नहीं बरती गई तथा भवन की छत एवं दीवार कमजोर होने के बावजूद आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित नहीं किए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सम्भल द्वारा 17 अगस्त 2026 को प्रस्तुत जांच आख्या एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने विद्यालय प्रबंधन की प्रथमदृष्टया लापरवाही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक, थाना असमोली को संबंधित विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।
जांच में विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपेक्षित सावधानी न बरतने तथा कमजोर भवन की छत एवं दीवार पर बच्चों के जाने से रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय न किए जाने की बात सामने आई है।
प्रकरण में मो. उवैस पुत्र श्री बाबू, निवासी ग्राम मदाला फतेहपुर, थाना असमोली, जनपद सम्भल तथा वंश गुप्ता पुत्र श्री प्रमोद कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम मदाला फतेहपुर, थाना असमोली, जनपद सम्भल के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट– संजीव गुप्ता
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

