न ठेकेदार, न लाइटें… तीन सेक्टरों में अंधेरा !
|
😊 Please Share This News 😊
|

(सेक्टर-9, 10 और 11 में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेपटरी, रात होते ही कई सड़कें अंधेरे में डूब रहीं)
(जेई सत्यपाल के अनुसार—ठेकेदार न होने से खराब लाइटों की मरम्मत अटकी, नई लाइटें भी उपलब्ध नहीं; पार्षद मुकेश अग्रवाल ने जल्द समाधान का दिया भरोसा)
फरीदाबाद
शहर के प्रमुख रिहायशी सेक्टर-9, 10 और 11 में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेपटरी होने से रात के समय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई सड़कों और अंदरूनी मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। शाम ढलते ही कई स्थानों पर अंधेरा छा जाता है, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम के जेई सत्यपाल के अनुसार, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के लिए ठेकेदार उपलब्ध नहीं होने के कारण खराब लाइटों की मरम्मत का काम अटका हुआ है। वहीं, नई स्ट्रीट लाइटें भी उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण खराब लाइटों को बदलने में भी दिक्कत आ रही है। ठेकेदार और नई लाइटों के अभाव में समस्या लगातार बनी हुई है।
अंधेरी सड़कों पर हादसे का खतरा
रात के समय सड़कों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को पैदल राहगीरों, साइकिल सवारों और अन्य वाहनों को समय रहते देख पाना मुश्किल होता है। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए भी अंधेरी सड़कों से गुजरना असहज और असुरक्षित महसूस होता है। लोगों ने नगर निगम से खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने और नई लाइटों की व्यवस्था करने की मांग की है।
पार्षद मुकेश अग्रवाल ने दिया जल्द समाधान का भरोसा
पार्षद मुकेश अग्रवाल ने बताया कि सेक्टरों में स्ट्रीट लाइटों की समस्या उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का समाधान जल्द कराया जाएगा, ताकि लोगों को रात के समय अंधेरे की समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट केवल सुविधा नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी मूलभूत व्यवस्था है। ऐसे में किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय नगर निगम को ठेकेदार की व्यवस्था करने और नई लाइटों की उपलब्धता सुनिश्चित कर समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।
रिपोर्ट– अरुण शर्मा, फरीदाबाद
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

