हाइड्रोजन ट्रेन से हरित भारत की नई शुरुआत, बल्लभगढ़ में लाइव प्रसारण के जरिए जुड़े जनप्रतिनिधि !
|
😊 Please Share This News 😊
|

रिपोर्ट –अरुण शर्मा, फरीदाबाद
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरियाणा के जींद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने के ऐतिहासिक अवसर पर फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित अटल ऑडिटोरियम में लाइव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्ण पाल गुर्जर तथा हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ विकसित भारत और स्वच्छ ऊर्जा अभियान की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आधुनिक तकनीक, नवाचार और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेलवे के विद्युतीकरण और स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और हरियाणा रोडवेज के पात्र लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड भी प्रदान किए गए।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित परिवहन भविष्य की जरूरत है। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि स्वदेशी ऊर्जा स्रोतों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है, जिससे हरियाणा में आधारभूत संरचना, परिवहन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना, महापौर प्रवीण जोशी, उपायुक्त आयुष सिन्हा, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी सभी उपस्थित लोगों ने देखा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

