विद्युत विभाग की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता दें : जिलाधिकारी – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

विद्युत विभाग की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता दें : जिलाधिकारी

😊 Please Share This News 😊

सम्भल (बहजोई), 16 जून 2026

आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के समस्त कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के प्रारम्भ में जिलाधिकारी ने जनपद में विद्युत विभाग की संरचना एवं कार्यरत कार्मिकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जीरो पॉवर्टी लाइन के अंतर्गत दिए जा रहे विद्युत कनेक्शनों की प्रगति की समीक्षा की। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता विद्युत हिमांशु वार्ष्णेय ने बताया कि जनपद में जीरो पॉवर्टी लाइन के अंतर्गत 8,266 उपभोक्ता हैं। जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं के स्थलीय निरीक्षण एवं आख्या के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने कहा कि जीरो पॉवर्टी योजना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में सबसे गरीब 20 से 25 परिवारों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराते हुए योजना से संतृप्त किया जाना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अन्य विभागों की अपेक्षा विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभाग के जूनियर इंजीनियर एवं अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन उठाना सुनिश्चित करें तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू ने विद्युत विभाग से संबंधित प्रमुख शिकायतों, जिनमें ट्रांसफार्मर फुंकने, खराब ट्रांसफार्मरों को समय से न बदलने, मीटर खराब होने तथा गलत बिल जारी होने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जूनियर इंजीनियर एवं निचले स्तर के कार्मिक उपभोक्ताओं के प्रति अपने व्यवहार में सुधार लाएं तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने समाचार पत्रों में प्रकाशित विद्युत विभाग से संबंधित समाचारों एवं उन पर विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली शिकायतों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर अथवा अन्य विद्युत संबंधी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि विद्युत विभाग के अधिकारी नियमित रूप से जूनियर इंजीनियरों एवं लाइनमैनों की समीक्षा बैठक आयोजित करें। साथ ही आंधी-तूफान अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर समस्या का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विद्युत कटौती, कृषि फीडरों तथा विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्युत उपकेंद्रों पर संबंधित किसानों के लिए शिविर आयोजित किए जाएं तथा उनसे यह जानकारी प्राप्त की जाए कि फसलों की सिंचाई हेतु उन्हें किस समय विद्युत की आवश्यकता होती है। उसी के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्युत चेकिंग के नाम पर किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। बैठक में स्मार्ट मीटर तथा परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के शिफ्टिंग के संबंध में भी चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रिय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू, अधीक्षण अभियंता विद्युत हिमांशु वार्ष्णेय, समस्त अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुनील प्रकाश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा तथा समस्त एसडीओ विद्युत उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
error: Content is protected !!