सीवर समस्या को लेकर बीपीटीपी कार्यालय के बाहर फूटा लोगों का गुस्सा, निवासियों ने किया प्रदर्शन !
|
😊 Please Share This News 😊
|

रिपोर्ट: अरुण शर्मा, फरीदाबाद
ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-85 स्थित बीपीटीपी डिस्ट्रिक्ट सी-ब्लॉक के निवासियों ने रविवार को क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई सीवर व्यवस्था की बदहाल स्थिति के विरोध में बीपीटीपी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतें देने के बावजूद उनकी समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय निवासी भूपेंद्र डागर ने बताया कि फ्लैट खरीदते समय बिल्डर द्वारा आधुनिक सुविधाएं और बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये मूल्य के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और जगह-जगह गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि सीवरेज लाइन का मुख्य लाइन से उचित कनेक्शन नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। समय-समय पर टैंकरों के माध्यम से सीवर की सफाई कराई जाती है, लेकिन कुछ दिनों बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। लोगों के अनुसार स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें अपने घरों तक पहुंचने के लिए गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल साकेत कुमार ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस शुल्क के नाम पर प्रत्येक फ्लैट से हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ फ्लैटों से ढाई हजार रुपये तक मासिक मेंटेनेंस चार्ज लिया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद निवासियों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से लोग अपनी समस्याओं को लेकर लगातार बीपीटीपी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सीवरेज समस्या का जल्द और स्थायी समाधान किया जाए तथा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवासियों को राहत मिल सके। वहीं, इस मामले में बीपीटीपी प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए स्टेट मैनेजर विकास से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। यदि प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त होती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

