ग्रेटर फरीदाबाद की BPTP डिस्ट्रिक्ट वन सोसायटी में फूटा लोगों का गुस्सा, महिलाओं ने निकाली सांकेतिक शवयात्रा !
|
😊 Please Share This News 😊
|

रिपोर्ट: अरुण शर्मा, फरीदाबाद
फरीदाबाद
ग्रेटर फरीदाबाद स्थित BPTP District One के ब्लॉक ए, बी और सी में शनिवार को निवासियों का गुस्सा खुलकर सड़क पर दिखाई दिया। लंबे समय से बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान महिलाओं और स्थानीय लोगों ने बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए लोगों ने बिल्डर कार्यालय तक मार्च निकाला और सांकेतिक शवयात्रा निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में पिछले करीब दो वर्षों से सैकड़ों परिवार रह रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। लोगों का कहना है कि फ्लैट खरीदते समय बिल्डर द्वारा 24 घंटे बिजली-पानी, बेहतर रखरखाव और आधुनिक सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत पूरी तरह अलग साबित हो रही है।
सबसे बड़ी परेशानी लगातार होने वाली बिजली कटौती को लेकर सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार दिन और रात दोनों समय अघोषित बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी बीपीएमएस से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मेंटेनेंस शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी पर भी नाराजगी जताई। निवासियों का कहना है कि पहले जहां करीब दो हजार रुपये मासिक शुल्क लिया जाता था, वहीं अब इसे दोगुने से अधिक बढ़ा दिया गया है। लोगों का आरोप है कि बिना किसी सहमति और चर्चा के शुल्क बढ़ाना पूरी तरह अनुचित है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब वे अपनी शिकायत लेकर बिल्डर प्रतिनिधियों से मिलने कार्यालय पहुंचीं तो उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद बाउंसरों ने धक्का-मुक्की भी की, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
वहीं बीपीएमएस के एमडी श्याम सुंदर की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कर्मचारियों के वेतन और रखरखाव खर्च बढ़ने के कारण मेंटेनेंस शुल्क में संशोधन किया गया है। प्रबंधन के अनुसार नया शुल्क अप्रैल महीने से लागू किया गया है ताकि सोसायटी की सेवाएं सुचारु रूप से जारी रखी जा सकें। बयान में यह भी कहा गया कि मेंटेनेंस शुल्क 2.55 रुपये प्रति वर्ग गज से बढ़ाकर 3.07 रुपये प्रति वर्ग गज किया गया है तथा सोसायटी में बिजली लोड बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

