पलवल में दर्दनाक सड़क हादसों का कहर: अलग-अलग दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

पलवल में दर्दनाक सड़क हादसों का कहर: अलग-अलग दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम !

😊 Please Share This News 😊

रिपोर्ट: अरुण शर्मा

पलवल (हरियाणा)

     हरियाणा के पलवल जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुए 6 दर्दनाक सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मामा-भांजे की जोड़ी, ब्रज 84 कोस परिक्रमा कर रही एक बुजुर्ग महिला समेत कई मेहनतकश लोग शामिल हैं। हादसों के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है।

    पहला हादसा केजीपी एक्सप्रेस-वे पर सुजवाड़ी गांव के पास हुआ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के दरावड़ दरवेर गांव निवासी कलुआ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा पंकज और साला सोनू मजदूरी के पैसे लेने पलवल आए थे। 21 मई की रात दोनों बाइक से लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

     दूसरा हादसा खांबी गांव के पास हुआ, जहां ब्रज 84 कोस की परिक्रमा कर रही एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मथुरा निवासी ओमकार सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता होराम सिंह और सुमित्रा परिक्रमा पर निकले थे। शाम के समय बाइक एक ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गई, जिससे सुमित्रा नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

     तीसरी दुर्घटना यमुना पुल के पास हुई। चांदहट गांव निवासी बुजुर्ग टीके तरबूज खरीदने के लिए गए थे। इसी दौरान पलवल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक टाटा पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

     चौथा हादसा कुसलीपुर फ्लाईओवर के पास हुआ। न्यू कॉलोनी निवासी मनिंद्र सिंह ने बताया कि उनका भाई संदीप एक कोरियर कंपनी में काम करता था। रात को दफ्तर बंद कर वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल संदीप को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

     पांचवां हादसा नेशनल हाईवे-19 पर तुमसरा टोल टैक्स के निकट हुआ। मथुरा जिले के सिरथला गांव निवासी डिगम्बर ने बताया कि उसका भाई अशोक सिकंदरपुर बाक्सन स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौटते समय एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल अशोक की अस्पताल में मौत हो गई।

     वहीं छठे हादसे में महेशपुर गांव निवासी लखन की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लखन किसी काम से घर से निकला था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

     इन लगातार हादसों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
error: Content is protected !!