सम्भल के प्राचीन तीर्थों एवं अन्य पर्यटन विकास कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश!
|
😊 Please Share This News 😊
|

–लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, मिट्टी भराव का सत्यापन करने तथा ठेकेदारों का भुगतान समय से सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सम्भल (बहजोई), 13 अक्टूबर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनपद सम्भल के प्राचीन तीर्थों एवं अन्य पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के प्राचीन 68 तीर्थों एवं 19 महाकूपों सहित पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अन्य स्थलों पर कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इन कार्यों को पर्यटन विभाग के अंतर्गत कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा कराया जा रहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने सम्भल के आलम सराय स्थित हंसतीर्थ के विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा ठेकेदार से कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राजस्व ग्राम दतावली स्थित तारक प्रयाग तीर्थ के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने मिट्टी भराव की समस्या के दृष्टिगत कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
शहजादी सराय में पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं, खानपुर खुम्मार स्थित भुवनेश्वर लिंग महातीर्थ के पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्यस्थल के निकट 11 केवी विद्युत लाइन के संबंध में चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि उक्त विद्युत लाइन संचालित नहीं है, तो नियमानुसार उसकी शिफ्टिंग के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सम्भलेश्वर महातीर्थ एवं वंश गोपाल तीर्थ के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रायपुर कला स्थित चामुण्डा देवी मंदिर एवं सिद्ध बाबा समाधि स्थल पर स्वीकृत लेआउट के अनुसार कार्य कराने को कहा। उन्होंने मनोकामना तीर्थ के कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने तथा चन्द्र तीर्थ के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में हरिबाबा धाम, सूर्यकुण्ड तीर्थ, कुरुक्षेत्र तीर्थ, नैमिषारण्य तीर्थ, बाहपुर पट्टी स्थित देवी माता मंदिर, ग्राम बाकरपुर स्थित देवस्थान तथा ग्राम असमोली स्थित बूढ़े बाबा सहित अन्य स्थलों पर पर्यटन विकास से संबंधित निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं स्वीकृत लेआउट के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा ठेकेदारों के देयकों का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यटन विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर अभिमन्यु कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी मुरादाबाद प्रदीप कुमार टम्टा, कार्यदायी संस्था के अधिकारी तथा संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

