गंगा मेला सिसोना डांडा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश!
|
😊 Please Share This News 😊
|

–कार्तिक पूर्णिमा पर 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, रैन बसेरा, शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था पर जोर
सम्भल (बहजोई), 13 अक्टूबर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले गंगा मेला सिसोना डांडा की तैयारियों के संबंध में जिला पंचायत सम्भल द्वारा प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह ने की। बैठक में मेले के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत आशीष सिंह ने मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के लिए अभी से कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाए। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में मेले में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। इस वर्ष भी 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता एवं जनसुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग, रैन बसेरा, शौचालय तथा स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को मेले में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा मोबाइल शौचालयों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह ने मेला स्थल का विस्तृत मैप तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी गुन्नौर एवं पुलिस उपाधीक्षक गुन्नौर को अपने स्तर से मेला स्थल का मैप तैयार कराते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मेले में आवागमन, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को मेले के आयोजन की जानकारी प्राप्त हो सके। अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने अवगत कराया कि गंगा मेला सिसोना डांडा का आयोजन जिला पंचायत द्वारा अपने निजी स्रोतों से प्राप्त आय से कराया जाता है। इस वर्ष मेले के आयोजन पर लगभग 60 से 65 लाख रुपये व्यय होने का अनुमान है। उन्होंने यह भी बताया कि आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी किए जा चुके हैं।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक गुन्नौर, जिला पंचायत राज अधिकारी ग्रीश कुमार तथा वित्तीय परामर्शदाता तथा जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने किया। अंत में उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

