जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा!
|
😊 Please Share This News 😊
|

(बैंकों में लंबित एवं अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश)
सम्भल (बहजोई), 01 अक्टूबर 2026
आज जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में नेडा विभाग के अंतर्गत संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी परियोजना अधिकारी/डिप्टी कलक्टर रामानुज ने योजना की प्रगति एवं विभिन्न बिंदुओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित आवेदनों की बैंकवार समीक्षा की। उन्होंने केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक सहित अन्य बैंकों में लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही स्वीकृत आवेदनों पर ऋण वितरण की स्थिति के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत बैंकवार अस्वीकृत आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदन अस्वीकृत होने के कारणों की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो तथा अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित या अस्वीकृत न रहें।
उन्होंने अधिशासी अभियंता, विद्युत को भी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अगली समीक्षा बैठक में योजना से संबंधित वेंडर्स, योजना के ऐसे आवेदक जिनके आवेदन लंबित अथवा अस्वीकृत हैं तथा संबंधित बैंकों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि लंबित प्रकरणों एवं अस्वीकृत आवेदनों के कारणों की समीक्षा कर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में डिप्टी कलक्टर अभिमन्यु कुमार, नीरज द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट– संजीव गुप्ता
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

