हर पात्र बच्चे, गर्भवती महिला एवं किशोरी तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित करें : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया
|
😊 Please Share This News 😊
|

···एडीसी अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (DTF) की बैठक आयोजित
···आंगन का उत्सव’, HPV टीकाकरण एवं 100 दिवसीय एनीमिया उन्मूलन अभियान पर विशेष जोर
···जिले के सभी संबंधित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पात्र किशोरियों के लिए HPV वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध
फरीदाबाद, 30 सितंबर।
जिला फरीदाबाद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण एवं एनीमिया की रोकथाम तथा नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (DTF) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे, गर्भवती महिला एवं किशोरी तक आवश्यक स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
एनीमिया उन्मूलन अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका
बैठक में 100 दिवसीय एनीमिया उन्मूलन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा की गई। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया द्वारा आंगनवाड़ी विभाग के प्रतिनिधियों को एनीमिया से संबंधित लाभार्थियों के नियमित फॉलो-अप पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत एनीमिया की समय पर पहचान, जांच, उपचार एवं रोकथाम को मजबूत किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्क्रीनिंग, उपचार, आयरन-फोलिक एसिड (IFA) अनुपूरण, पोषण संबंधी परामर्श तथा आवश्यक फॉलो-अप गतिविधियों को सुदृढ़ किया जाएगा।
7×7×7 रणनीति के माध्यम से एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा।
विद्यालयों को टीकाकरण, IFA एवं एनीमिया जांच में सहयोग के निर्देश
बैठक में विद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालय प्रतिनिधियों को टीकाकरण गतिविधियों में सहयोग करने तथा किशोर-किशोरियों में IFA सेवन एवं एनीमिया की जांच को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालयों द्वारा पात्र एवं छूटी हुई किशोरियों की पहचान, अभिभावकों को जागरूक करने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित टीकाकरण एवं जांच गतिविधियों में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
विद्यालयों में आयोजित पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTMs) के दौरान भी अभिभावकों को HPV टीकाकरण, एनीमिया की जांच तथा IFA सेवन के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’
जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक टीकाकरण सेवाओं से जोड़ा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर संपर्क, सामुदायिक जागरूकता तथा विशेष टीकाकरण सत्रों के माध्यम से अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘टीकू-टीकी कॉर्नर’ के माध्यम से माताओं एवं अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में विशेष योगदान देने वाली ‘इम्यूनाइजेशन चैंपियन माताओं’ को भी सम्मानित किया जाएगा।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से जिले में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष की आयु पूर्ण न करने वाली पात्र किशोरियों के HPV टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। HPV टीकाकरण अभियान 31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा।
जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर HPV वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध
जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि पात्र किशोरियों के लिए HPV वैक्सीन जिले के सभी संबंधित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे पात्र किशोरियों का HPV टीकाकरण अवश्य करवाएं तथा किसी भी जानकारी या परामर्श के लिए निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
जिला टीकाकरण अधिकारी, फरीदाबाद ने जिले के सभी अभिभावकों, माताओं एवं नागरिकों से अपील की कि वे “हर बच्चा – हर टीका, हर माँ – हर टीका” के संकल्प के साथ इन अभियानों में सक्रिय सहयोग करें।
यदि किसी बच्चे अथवा गर्भवती महिला का कोई टीका छूट गया है, तो निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र अथवा आंगनवाड़ी केंद्र से संपर्क कर आवश्यक टीकाकरण अवश्य करवाएं। गर्भवती महिलाएं PMSMA दिवस पर उपलब्ध ANC सेवाओं का लाभ उठाएं तथा नियमित प्रसवपूर्व जांच करवाएं। पात्र किशोरियों का HPV टीकाकरण करवाकर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।
एनीमिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत नागरिकों से एनीमिया की जांच करवाने, स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उपलब्ध कराई गई आयरन-फोलिक एसिड (IFA) की दवाओं का नियमित सेवन करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने की भी अपील की गई।
स्वास्थ्य विभाग, फरीदाबाद का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा, गर्भवती महिला अथवा किशोरी आवश्यक स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाओं से वंचित न रहे। सभी नागरिकों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वस्थ, एनीमिया-मुक्त एवं पूर्णतः प्रतिरक्षित फरीदाबाद के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
बैठक में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, डॉ जयंत आहूजा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सोमेश शर्मा (राज्य ब्यूरो चीफ) हरियाणा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

