हाफ मैराथन का काउंटडाउन शुरू, डीसी आयुष सिन्हा ने किया तैयारियों का निरीक्षण !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···27 सितंबर को सूरजकुंड से हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हाफ मैराथन के जरिए देंगे ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ का संदेश
फरीदाबाद, 1 सितंबर।
फरीदाबाद में 27 सितंबर को आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मैराथन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त आयुष सिन्हा ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ मैराथन रूट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अंजली श्रोत्रिय, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार सहित नगर निगम, एफएमडीए, एचएसवीपी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने मैराथन के निर्धारित रूट का निरीक्षण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हाफ मैराथन जिले का महत्वपूर्ण आयोजन है और इसके सफल आयोजन के लिए रूट पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
डीसी आयुष सिन्हा ने नगर निगम, एफएमडीए, एचएसवीपी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन रूट पर सड़क की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण कर जहां भी पॉटहोल हैं, उनकी तत्काल रिपेयरिंग करवाई जाए। इसके साथ ही रूट के आसपास उगी झाड़ियों की बुश ट्रिमिंग, सफाई तथा अन्य आवश्यक कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि मैराथन रूट पर सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, हरित क्षेत्र सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त होनी चाहिए। प्रतिभागियों को रूट पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभाग पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन तक रूट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुसार कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें तथा आपसी समन्वय से तैयारियों को अंतिम रूप दें।
डीसी ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। 27 सितंबर को सूरजकुंड से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेशभर में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयोजन में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में आयोजन स्थल और मैराथन रूट पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास, मरम्मत, सफाई एवं सौंदर्यीकरण संबंधी कार्य समय से पहले पूरे कर लिए जाएं, ताकि मैराथन के दिन प्रतिभागियों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उपायुक्त को अपने-अपने विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
रिपोर्ट–अरुण शर्मा (फरीदाबाद ब्यूरो चीफ)
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

