मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाएं अधिकारी : डीसी आयुष सिन्हा – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाएं अधिकारी : डीसी आयुष सिन्हा

😊 Please Share This News 😊

···दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर तक, दावे-आपत्तियों का निपटान 28 अक्टूबर तक, अंतिम मतदाता सूची 6 नवंबर को होगी प्रकाशित

फरीदाबाद, 1 सितंबर।

      मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा ए. श्रीनिवास ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

     वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने सभी ईआरओ (निर्वाचक पंजीयन अधिकारी) के साथ बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

     उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

      उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने अथवा किसी प्रकार के संशोधन के लिए प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाए। दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटान 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 6 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

      डीसी आयुष सिन्हा ने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी करें और बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते रहें। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) फॉर्म नंबर 6, 7 और 8 को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी तरह अपडेट एवं कंप्लीट करें। पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ-साथ मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन एवं अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की कार्रवाई भी नियमानुसार सुनिश्चित की जाए।

      उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 18 वर्ष या इससे अधिक आयु पूरी कर चुके किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए। बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की जानकारी प्राप्त करें तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करें।

      उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे।

      बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद हनी बंसल, एचएसवीपीएस्टेट अधिकारी नवीन कुमार, सीईओ जिला परिषद शिखा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट–सोमेश शर्मा (राज्य ब्यूरो चीफ) हरियाणा

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
error: Content is protected !!