37वीं संभागीय युवा संसद प्रतियोगिता में केंद्रीय राज्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

37वीं संभागीय युवा संसद प्रतियोगिता में केंद्रीय राज्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत !

😊 Please Share This News 😊

 ···विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं देश के युवा: केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर

फरीदाबाद, 1 सितंबर

     केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मंगलवार को एनआईटी-3 स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में केंद्रीय विद्यालय संगठन, गुरुग्राम संभाग द्वारा आयोजित 37वीं संभागीय युवा संसद प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवा संसद को विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक सोच, संवाद, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।

      केंद्रीय राज्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़ी-बड़ी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि छोटी-छोटी जिम्मेदारियों के निर्वहन से भी होता है। स्वच्छ भारत केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसी प्रकार Mission LiFE हमें पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश देता है। पानी और बिजली बचाना, प्लास्टिक का कम उपयोग करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, स्वच्छता बनाए रखना तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहना भी राष्ट्र निर्माण के कार्य हैं।

      उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं। खेलों के माध्यम से भी युवाओं में इन गुणों का विकास होता है।

विद्यार्थियों को दिलाए पांच संकल्प

      केंद्रीय राज्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पहला संकल्प मेहनत करने, निरंतर सीखने और जीवन में श्रेष्ठता प्राप्त करने का प्रयास करने का होना चाहिए। दूसरा संकल्प भारत की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने का होना चाहिए। तीसरे संकल्प के रूप में विद्यार्थियों से टेक्नोलॉजी और इनोवेशन का उपयोग स्वयं के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र की प्रगति के लिए करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चौथा संकल्प स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और जिम्मेदार नागरिकता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का होना चाहिए, जबकि पांचवां संकल्प विकसित भारत के निर्माण में अपनी क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाने का होना चाहिए।

युवा संसद से लोकतंत्र की बारीकियां सीखते हैं विद्यार्थी

     केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिता विद्यार्थियों को केवल भाषण देना नहीं सिखाती, बल्कि संवाद करना, असहमति का सम्मान करना, तथ्यों के आधार पर तर्क रखना, धैर्यपूर्वक दूसरे की बात सुनना और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना सिखाती है। लोकतंत्र केवल मतदान करने का नाम नहीं, बल्कि विचारों के सम्मान, संवाद, सहभागिता और जिम्मेदारी का नाम है।

     उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज युवा संसद में निभाई जा रही भूमिकाएं केवल मंच तक सीमित नहीं हैं। संभव है कि आज कोई विद्यार्थी सांसद की भूमिका निभा रहा हो और भविष्य में वह वास्तविक संसद में जनप्रतिनिधि के रूप में देश की सेवा करे।

राजनीति में युवाओं की भागीदारी जरूरी

     केंद्रीय राज्यमंत्री ने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2024 को लाल किले की प्राचीर से ऐसे एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने का आह्वान किया था, जिनकी कोई राजनीतिक पारिवारिक पृष्ठभूमि नहीं है। इसका उद्देश्य राजनीति में नई ऊर्जा, नए विचार और नई नेतृत्व क्षमता को अवसर प्रदान करना है।

     उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के पास प्रतिभा, विचार और देश के लिए कुछ करने का संकल्प है, तो उनकी पृष्ठभूमि उनकी सीमा नहीं होनी चाहिए। लोकतंत्र में नए लोगों के लिए रास्ते खुले होने चाहिए।

डिजिटल नागरिकता के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी

      केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में लोकतंत्र के साथ-साथ डिजिटल नागरिकता भी बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। युवाओं के हाथ में केवल स्मार्टफोन नहीं, बल्कि सूचना की शक्ति है। सोशल मीडिया पर किसी संदेश को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। फेक न्यूज, गलत सूचना और साइबर फ्रॉड से स्वयं भी बचना चाहिए और दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए।

     उन्होंने कहा कि गलत सूचना समाज में अविश्वास पैदा कर सकती है, जबकि सही सूचना किसी व्यक्ति का जीवन बदल सकती है। इसलिए जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनना भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

        इस अवसर पर फरीदाबाद महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, डीसी आयुष सिन्हा, पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, के.वी.एस. गुरुग्राम रीजन उपायुक्त चन्द्र शेखर आज़ाद, के.वी.एस. गुरुग्राम रीजन सहायक आयुक्त अनिल कुमार, प्रधानाचार्य गिरीश चन्द एवं प्रधानाचार्य के.वी.एस. एन.आई.टी.3 भारती कुक्कल मौजूद रहे।

 रिपोर्ट–सोमेश शर्मा (राज्य ब्यूरो चीफ) हरियाणा

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
error: Content is protected !!