आईबी का सब-इंस्पेक्टर उद्योगपतियों को गैंगस्टरों के नाम पर धमकी दिलवाने के आरोप में गिरफ्तार !
|
😊 Please Share This News 😊
|

रिपोर्ट –अरुण शर्मा, फरीदाबाद
फरीदाबाद पुलिस ने उद्योगपतियों को विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर धमकी भरे कॉल और संदेश भिजवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में तैनात सब-इंस्पेक्टर सिकंदर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिकंदर फरीदाबाद के मोटूका नगला, छायंसा गांव का निवासी है और वर्तमान में आईबी में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत था।
पुलिस जांच में सामने आया कि फरीदाबाद के कई उद्योगपतियों को विदेश में सक्रिय गैंगस्टरों के नाम पर लगातार धमकी भरे कॉल और मैसेज भेजे जा रहे थे। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने सिकंदर की भूमिका उजागर होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि इस मामले में फरीदाबाद पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। इससे पूर्व सेक्टर-9 निवासी दीपक गोयल को उद्योगपतियों को धमकियां दिलवाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में दीपक गोयल को अदालत से जमानत मिल गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक फरीदाबाद के करीब 8 से 10 उद्योगपतियों को धमकी भरे कॉल और संदेश मिल चुके हैं। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा धमकी देने के इस नेटवर्क का संचालन किस प्रकार किया जा रहा था।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

