नेहरू कॉलोनी में उजड़े आशियानों के बीच छलका दर्द, बच्चों संग मोमबत्तियां लेकर सड़कों पर उतरे लोग !
|
😊 Please Share This News 😊
|

फरीदाबाद
फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों का दर्द और आक्रोश लगातार सामने आ रहा है। सोमवार रात बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी अपने परिवारों और बच्चों के साथ एकत्रित हुए तथा हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। उजड़े घरों के मलबे पर बैठे लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने पुनर्वास की मांग उठाई।
प्रदर्शन का सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला, जब छोटे-छोटे बच्चे भी हाथों में मोमबत्तियां लेकर अपने टूटे हुए घरों के अवशेषों पर बैठे नजर आए। बेघर हुए परिवारों का कहना है कि उनके सिर से छत तो छीन ली गई, लेकिन रहने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
प्रदर्शन में शामिल निवासी संदीप भारती ने कहा कि जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने लोगों को बेघर तो कर दिया, लेकिन उनके पुनर्वास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों के रहने की समुचित व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
वहीं, स्थानीय निवासी संजय कुमार ने बताया कि नेहरू कॉलोनी में कई परिवार पिछले 40 से 50 वर्षों से रह रहे थे। उनका आरोप है कि एलिवेटेड पुल और आरआरटीएस परियोजना के निर्माण के लिए लोगों के मकानों को तोड़ दिया गया। उनका कहना है कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रशासन को प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं होने से अनेक परिवार बेघर होकर कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आज भी कई परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे हैं। उनके पास अपने बच्चों और परिवार के साथ रहने के लिए कोई स्थायी ठिकाना नहीं है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान निकालने के लिए अब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा है।
नेहरू कॉलोनी के निवासियों की मुख्य मांग है कि प्रशासन उन्हें जल्द से जल्द वैकल्पिक आवास अथवा पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराए। उनका कहना है कि जब तक उचित पुनर्वास सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे। प्रभावित परिवारों ने सरकार और प्रशासन से मानवीय आधार पर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।
रिपोर्ट – अरुण शर्मा, मंडल प्रभारी, फरीदाबाद
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

