‘युवा बदल सकते हैं देश की दिशा, राजनीति में आएं आगे’ : कृष्ण पाल गुर्जर
|
😊 Please Share This News 😊
|

···37वीं संभागीय युवा संसद में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा—विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक
···विद्यार्थियों को दिलाए पांच संकल्प, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र सेवा के प्रति किया जागरूक
फरीदाबाद, 1 सितंबर
एनआईटी-3 स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में मंगलवार को 37वीं संभागीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। केंद्रीय विद्यालय संगठन के गुरुग्राम संभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि युवा विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवा संसद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक सोच, नेतृत्व क्षमता और तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी के लिए आगे आने का आह्वान किया।
गुर्जर ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़ी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि स्वच्छता, पानी-बिजली की बचत, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा जैसी छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाने से भी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और निरंतर सीखने, संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने सहित पांच संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवा संसद केवल भाषण प्रतियोगिता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को समझने का व्यावहारिक मंच है, जहां विद्यार्थी असहमति का सम्मान और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखना सीखते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त 2024 के आह्वान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसे एक लाख युवाओं को अवसर देने की जरूरत है, जिनकी कोई राजनीतिक पारिवारिक पृष्ठभूमि नहीं है।
कार्यक्रम में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, उपायुक्त आयुष सिन्हा, पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, केवीएस गुरुग्राम संभाग के उपायुक्त चंद्रशेखर आजाद, सहायक आयुक्त अनिल कुमार, प्रधानाचार्य गिरीश चंद और प्रधानाचार्य भारती कुक्कल सहित अधिकारी, शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
रिपोर्ट— अरुण शर्मा,
फरीदाबाद ब्यूरो चीफ
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

