सावन के प्रत्येक सोमवार को शिवालयों में “महा आरती” करेगी भारतीय इतिहास संकलन समिति !
|
😊 Please Share This News 😊
|

(कांवड़ियों का स्वागत एवं रुद्राभिषेक-जलाभिषेक के साथ गूंजेगा “ॐ नमः शिवाय”)
सम्भल
भारतीय इतिहास संकलन समिति, जिला संभल ने निर्णय लिया है कि पवित्र श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचकर सामूहिक “महा आरती” का भव्य आयोजन किया जाएगा।
तिरंगा मार्केट स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जिला महिला प्रमुख श्रीमती मीनू रस्तोगी ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इस पावन माह में कांवड़ियों का स्वागत-अभिनंदन करना तथा प्रत्येक सोमवार को संध्या बेला में मंदिरों में रुद्राभिषेक, जलाभिषेक कर महा आरती करना अत्यंत पुण्यदायी कार्य है। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा श्रावण के सभी सोमवारों के लिए मंदिरों में सामूहिक आरती की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से प्रत्येक सोमवार को सभी शिवालयों में विशेष आरती आयोजित की जाएगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने जिला मंत्री सुबोध कुमार गुप्ता को श्रावण मास की सामूहिक आरती आयोजन का प्रभारी मनोनीत किया। श्री शर्मा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में शिव मंदिरों में भक्ति, उपासना, कीर्तन, सत्संग, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक के साथ सामूहिक आरती करना भारतीय इतिहास संकलन समिति की गौरवशाली परंपरा रही है। इस वर्ष हमारा संकल्प है कि नगर के सभी मंदिरों में एक साथ सामूहिक आरती हो। समिति के सभी कार्यकर्ता एकत्र होकर धूमधाम से महा आरती करेंगे और पूरे नगर को शिवमय बनाएंगे।
इस अवसर पर ज्योति गुप्ता, आशा गुप्ता, सुभाष चंद्र मोंगिया, श्याम शरण शर्मा, सुभाष चंद्र शर्मा, अतुल कुमार शर्मा, अंकुर रस्तोगी, शालिनी रस्तोगी, विकास कुमार वर्मा आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने की तथा संचालन जिला मंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने किया।
रिपोर्ट– संजीव गुप्ता
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

