लगातार बारिश से फरीदाबाद की सड़कें धंसीं, तीन स्थानों पर सड़क बैठी, खेड़ी पुल का हिस्सा भी धंसा, टला बड़ा हादसा ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

लगातार बारिश से फरीदाबाद की सड़कें धंसीं, तीन स्थानों पर सड़क बैठी, खेड़ी पुल का हिस्सा भी धंसा, टला बड़ा हादसा !

😊 Please Share This News 😊

रिपोर्ट– अरुण शर्मा, फरीदाबाद

        गुरुवार को हुई लगातार बारिश ने फरीदाबाद की सड़कों और बुनियादी ढांचे की पोल खोलकर रख दी। शहर के कई हिस्सों में जलभराव के बीच सड़क धंसने और पुल का हिस्सा बैठ जाने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-88 और सेक्टर-89 के पास तीन अलग-अलग स्थानों पर सड़क धंस गई, जबकि नगला एन्क्लेव में सड़क बैठने से बड़ा गड्ढा बन गया। वहीं खेड़ी पुल के पास आगरा कैनाल पर बने पुराने पुल का एक हिस्सा भी जमीन में धंस गया। प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से समय रहते यातायात रोक दिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

      सबसे पहले ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-88 और सेक्टर-89 के समीप तीन स्थानों पर सड़क धंसने की सूचना मिली। सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित विभाग ने तत्काल बैरिकेडिंग कर प्रभावित मार्गों को बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि यह सड़क फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) द्वारा निर्मित है और पिछले एक वर्ष में दूसरी बार इस सड़क के धंसने की घटना सामने आई है।

       एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) पी.एस. पठानिया ने बताया कि रात के समय सड़क धंसने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक स्तर पर केवल छोटा हिस्सा प्रभावित था, लेकिन लगातार बारिश के कारण सुबह तक धंसा हुआ क्षेत्र और बढ़ गया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में भारी बारिश के चलते पाइपलाइन से रिसाव होने की आशंका जताई जा रही है। जिस स्थान पर सड़क धंसी है, उसके दूसरी ओर मार्केट स्थित है, जहां से पानी के लगातार रिसाव की संभावना है। पानी के लंबे समय तक नीचे बहने से मिट्टी कमजोर हो गई, जिससे सड़क धंस गई। उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम विस्तृत जांच करेगी, जिसके बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

      इसी दौरान नगला एन्क्लेव में भी सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया। गुरुवार सुबह इस मार्ग से गुजर रहे बाइक सवार दो किशोरों की बाइक का अगला पहिया गड्ढे में फंस गया, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। राहत की बात यह रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जलभराव होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान करने की मांग की।

       उधर, खेड़ी पुल के पास आगरा कैनाल पर बने पुराने पुल का एक हिस्सा भी गुरुवार सुबह अचानक धंस गया। खेड़ी पुल ट्रैफिक पुलिस बूथ पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी अनिल ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे ड्यूटी पर पहुंचे थे। ट्रैफिक संचालन के दौरान उन्होंने देखा कि पुल का एक हिस्सा धीरे-धीरे नीचे बैठ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट कर दिया।

     अनिल के अनुसार सुबह करीब 10 बजे पुल का लगभग छह फीट लंबा और चार फीट चौड़ा हिस्सा पूरी तरह धंस गया तथा मलबा नीचे की ओर गिर गया। उन्होंने बताया कि यह आगरा कैनाल पर बना काफी पुराना पुल है, जिस पर प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन होता है। यदि समय रहते यातायात नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

      घटना की सूचना संबंधित विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल प्रभावित हिस्सों की बैरिकेडिंग कर दी गई है तथा लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जा रहा है। लगातार बारिश के बाद शहर में सामने आई इन घटनाओं ने एक बार फिर फरीदाबाद के सड़क और पुलों की गुणवत्ता तथा रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
error: Content is protected !!