रेणु भाटिया ने इस्तीफे के बाद मांगी माफी, लेकिन नर्सिंग स्टाफ बोला- बिना सार्वजनिक क्षमा याचना आंदोलन जारी रहेगा ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

रेणु भाटिया ने इस्तीफे के बाद मांगी माफी, लेकिन नर्सिंग स्टाफ बोला- बिना सार्वजनिक क्षमा याचना आंदोलन जारी रहेगा !

😊 Please Share This News 😊

रिपोर्ट – अरुण शर्मा

फरीदाबाद

     हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन पद से इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद रेणु भाटिया ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने कार्यकाल के दौरान हुई संभावित त्रुटियों के लिए क्षमा याचना की। हालांकि, उन्होंने उस विवादित बयान का सीधे तौर पर कोई उल्लेख नहीं किया, जिस पर पिछले कई दिनों से प्रदेशभर में नर्सिंग स्टाफ के बीच भारी नाराजगी देखी जा रही है।

     करीब 1 मिनट 54 सेकेंड के वीडियो में रेणु भाटिया आयोग के कार्यालय में अपनी कुर्सी पर बैठी दिखाई दीं। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने कहा कि साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ महिलाओं और बेटियों के हित में कार्य करने का प्रयास किया।

     वीडियो में भाटिया ने कहा कि यदि उनके किसी कार्य, निर्णय या व्यवहार से किसी व्यक्ति को ठेस पहुंची हो, किसी को आघात लगा हो या किसी काम में देरी हुई हो तो वह उसके लिए क्षमायाचना करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इंसान अपनी गलतियों से ही सीखता है। हालांकि, नर्सिंग ऑफिसरों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की और न ही सीधे तौर पर नर्सिंग समुदाय से माफी मांगी।

     गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में रेप पीड़िता से जुड़े मामले की समीक्षा के दौरान रेणु भाटिया द्वारा नर्सिंग स्टाफ को फटकार लगाते हुए दिया गया एक बयान विवादों में आ गया था। इस बयान को नर्सिंग समुदाय ने अपनी गरिमा और सम्मान के खिलाफ बताते हुए प्रदेशव्यापी विरोध शुरू कर दिया था।

     विवाद बढ़ने के बाद मंगलवार को हरियाणा नर्सिंग ऑफिसर्स दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल पर रहे। उसी रात रेणु भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बावजूद नर्सिंग संगठनों ने स्पष्ट कर दिया था कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है और सार्वजनिक माफी के बिना आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

    हरियाणा नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने कहा कि वीडियो में कहीं भी नर्सिंग ऑफिसरों का उल्लेख नहीं किया गया है और न ही उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान के लिए माफी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि संगठन रेणु भाटिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।

     इसी क्रम में कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ आदर्श थाना केयूके पहुंचा और शिकायत सौंपी। प्रदर्शनकारियों ने रेणु भाटिया की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।

     विनीता बांगड़ ने कहा कि सीएचसी और पीएचसी स्तर पर कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर अक्सर रात के समय अकेले ड्यूटी करते हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौतियां बनी रहती हैं। उन्होंने बताया कि लगभग एक माह पूर्व नर्सिंग स्टाफ की सुरक्षा संबंधी मांगों का ज्ञापन महिला आयोग को सौंपा गया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

    उधर, पंचकूला में बुधवार सुबह नर्सिंग स्टाफ ने विरोध प्रदर्शन और हड़ताल शुरू की, जिसे बाद में समाप्त कर दिया गया। हालांकि संगठन का कहना है कि जब तक रेणु भाटिया सार्वजनिक रूप से नर्सिंग समुदाय से माफी नहीं मांगतीं, तब तक विरोध जारी रहेगा।

     अपने वीडियो संदेश के अंत में रेणु भाटिया ने हाथ में श्रीमद्भगवद्गीता लेकर कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में किसी के साथ अन्याय नहीं किया और हमेशा लोगों की समस्याओं को परिवार की समस्या समझकर समाधान करने का प्रयास किया। उन्होंने सभी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपने पद से विदाई ली।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
error: Content is protected !!