फरीदाबाद के सेक्टर-7 में 42 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप; ससुराल पक्ष ने बताया आत्महत्या का मामला ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

फरीदाबाद के सेक्टर-7 में 42 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप; ससुराल पक्ष ने बताया आत्महत्या का मामला !

😊 Please Share This News 😊

रिपोर्ट – अरुण शर्मा, फरीदाबाद

       फरीदाबाद के सेक्टर-7 क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मृतका के परिजनों ने पति के कथित प्रेम संबंधों को उसकी मौत की वजह बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे आत्महत्या का मामला बताया है।

      मृतका की पहचान सविता तेवतिया (42) के रूप में हुई है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

     मृतका के भाई राम डागर ने बताया कि सविता की शादी करीब 18 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र के नगला गांव निवासी संदीप से हुई थी। शादी के बाद दोनों फरीदाबाद के सेक्टर-7 में रहने लगे और घर पर बच्चों को कोचिंग पढ़ाने का काम करते थे। दंपति के दो बच्चे हैं और उनका पारिवारिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था।

     राम डागर का आरोप है कि कुछ वर्ष पहले कोचिंग में पढ़ने आने वाली एक छात्रा के साथ संदीप के अवैध संबंध बन गए थे। उस समय छात्रा नाबालिग थी। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन संदीप ने कथित तौर पर युवती से संबंध समाप्त नहीं किए। अब वह युवती एक निजी कंपनी में नौकरी करती है।

      परिजनों के अनुसार, सविता ने कई बार अपने सास-ससुर को भी इस बारे में बताया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि युवती खुलेआम सविता को धमकाती थी और कहती थी कि वह संदीप के साथ ही रहेगी। लगातार मानसिक तनाव के कारण सविता काफी परेशान रहती थी।

     मृतका के परिवार का आरोप है कि सविता की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के परिवार वालों ने मिलकर उसकी हत्या की है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के बाद से संदीप का गायब होना भी कई सवाल खड़े करता है।

     वहीं मृतका के ससुर कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना के समय वह, उनकी पत्नी और बेटा संदीप एक रिश्तेदार के निधन पर जेवर गए हुए थे। घर पर केवल सविता मौजूद थी, जबकि मकान में निर्माण कार्य चल रहा था और एक मजदूर काम कर रहा था।

      उन्होंने बताया कि दिन में दो बार उनकी सविता से फोन पर बातचीत हुई थी। बाद में मजदूर ने सूचना दी कि सविता दरवाजा नहीं खोल रही है। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति को घर भेजा गया, जहां सविता फंदे से लटकी हुई मिली। सूचना मिलते ही परिवार फरीदाबाद पहुंचा और उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

     सुरेंद्र कुमार ने यह भी कहा कि अस्पताल में मृतका के परिजनों ने संदीप पर हमला करने की कोशिश की थी, जिसके चलते वह वहां से चला गया। इसी कारण वह पोस्टमार्टम के दौरान भी मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि परिवार का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।

      सेक्टर-7 चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि निजी अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पति, उसकी कथित प्रेमिका तथा प्रेमिका के माता-पिता के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

 

फाइल फोटो

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
error: Content is protected !!