संभल तीर्थ परिक्रमा पर नहीं लगने दिया किसी राजनीतिक दल का ठप्पा !
|
😊 Please Share This News 😊
|

(हिंदू जागृति मंच के साथ समाजसेवी अजय कुमार शर्मा ने किये थे भागीरथ प्रयास)
सम्भल
संभल तीर्थ परिक्रमा यूं तो देवताओं द्वारा अनादि काल से चली आ रही सनातनी परंपरा है, परंतु लगभग 30 वर्षों तक यह विलुप्तप्राय हो गई थी। इससे पूर्व परिक्रमा मार्ग खेतों-मेंड़ों से होकर गुजरता था, जिससे गन्ना, आलू आदि फसल खराब होने के आरोपों को लेकर प्रायः झगडे होते थे। उस अवधि में संभल क्षेत्रवासी सूर्यकुंड, मनोकामना और नीमसार पर लगने वाले मेलों को ही फेरी-मेला कहने लगे थे। सन् 2006 में हिंदू जागृति मंच ने गांव-गांव अलख जगाकर भरपूर प्रचार-प्रसार करके अपने विश्वासपात्र साथी-मित्रों के साथ कुल 17 लोगों की संख्या से 24 कोसीय संभल तीर्थ परिक्रमा को पुनर्जीवित, पुनर्जागृत किया। समाजसेवा, आध्यात्मिक सेवा और क्षेत्र की सेवा में हिंदू जागृति मंच का यह सबसे महत्वपूर्ण और सफलतम कदम माना गया।
हिंदू जागृति मंच के संस्थापक एवं वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा का कहना है कि सन् 2006 से 2013 तक संभल तीर्थ परिक्रमा 17 लोगों से शुरू होकर लगभग 50,000 की संख्या तक पहुंच गई। इतना बड़ा आयोजन होने पर भी इस पर किसी भी राजनीतिक दल का ठप्पा नहीं लगने दिया गया, क्योंकि उस समय भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा के सभी जनप्रतिनिधियों तथा दलों से जुड़े लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता था और सभी राजनीतिक दलों के लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ परिक्रमा करने वालों का स्वागत-सम्मान करते थे।
संभल क्षेत्र के सभी संतों के आशीर्वाद, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग और उपस्थिति के साथ उन्हीं के नेतृत्व में हिंदू जागृति मंच के सदस्यों ने अपने पूरे परिश्रम से 24 कोसीय परिक्रमा को जागृत, पुनर्जीवित और जीवंत किया।
हिंदू जागृति मंच के सभी सदस्य जनपद के सभी गांवों में पहुंचकर मात्र 20 रुपये में तीर्थ यात्रियों का पंजीकरण करते थे। पंजीकृत यात्रियों के लिए गांव से वाहन जाता था और रात्रि में अर्थात प्रातः काल होने से पूर्व वंशगोपाल पर सभी यात्रियों को एकत्र किया जाता था। महाआरती के पश्चात परिक्रमा शुरू होती थी और अगले दिन परिक्रमा पूर्ण होने पर सभी पंजीकृत यात्रियों को वाहन से वापस गांव पहुंचाया जाता था।
जितने लोगों का पंजीकरण होता था, उतनी ही संख्या में उस समय लोकप्रिय रही डीवीडी कैसेट तैयार की जाती थी। डीवीडी कैसेट और सम्मान-पत्र के साथ हिंदू जागृति मंच के सदस्य प्रत्येक गांव में पहुंचते थे। वहां सभी ग्रामवासियों के साथ बैठकर पंजीकृत तीर्थ यात्रियों का विशेष रूप से सम्मान होता था। गांव-गांव जाकर सम्मान समारोह आयोजित करना, इन सभी कार्यों से लगभग पूरे वर्ष संभल तीर्थ परिक्रमा की जीवंत चर्चा बनी रहती थी।
तत्कालीन विसंगति वाले समय में संभल तीर्थ परिक्रमा का पुनर्जागरण अत्यंत कठिन ही नहीं, बल्कि दुरूह कार्य था। इसे भगवान श्री कल्कि की कृपा और आशीर्वाद से ही हिंदू जागृति मंच सफल बना सका।
आज फेरी के निरंतर फलने-फूलने पर हिंदू जागृति मंच का प्रत्येक सदस्य गर्व और गौरव की अनुभूति करेगा, कभी भी किसी कमी पर दृष्टि नहीं डालेगा और जो भी बन पड़ेगा, तन-मन-धन, समय और हर प्रकार की ऊर्जा से सहयोग करेगा। हालांकि हिंदू जागृति मंच ने दर्जनों बार जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री, राज्यपाल,प्रधानमंत्री को संभल तीर्थ परिक्रमा के विकास और संभल को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपे हैं। इस कार्य में संभल के सभी सामाजिक संगठनों ने भरपूर सहयोग भी किया। आज 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा के रास्ते मथुरा, वृंदावन,अयोध्या की तर्ज पर बनने जा रहे हैं, इसका सबसे अधिक गर्व और गौरव हिंदू जागृति मंच से जुड़े हर सदस्य को हो रहा है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

