अगले बरस फिर आने का न्योता देकर गणपति बप्पा को दी भावभीनी विदाई !
|
😊 Please Share This News 😊
|

बबराला(संभल)
अनंत चतुर्दशी पर गणपति बप्पा की विदाई के साथ ही कई दिनों से चल रहे गणेश उत्सव का उल्लासपूर्ण समापन हो गया। शुक्रवार को गुन्नौर तहसील क्षेत्र के राजघाट स्थित गंगा घाट पर चंदौसी, बहजोई, बबराला समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-झूमते श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के बीच प्रथम पूज्य गणेश को भावभीनी विदाई दी।
बबराला समेत विभिन्न स्थानों पर घरों और पंडालों में विराजमान गणेश प्रतिमाओं को श्रद्धालु बाइक, ट्रैक्टर-ट्राली, चार पहिया वाहनों और पैदल विसर्जन यात्रा के रूप में राजघाट लेकर पहुंचे। यात्रा के दौरान बच्चों, महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-झूमते आगे बढ़े। एक-दूसरे पर रंग और गुलाल उड़ाकर श्रद्धालुओं ने गणेश उत्सव की खुशियां मनाईं।
राजघाट पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की। इसके बाद प्रतिमाओं को गंगा स्नान कराने के बाद राजघाट पर बनाए गए पानी से भरे गड्ढे में विसर्जित किया गया। प्रतिमा विसर्जन के समय श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी नजर आई। बप्पा को विदाई देते हुए श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर आगमन की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। राजघाट गंगा घाट के साथ ही करीब 50 मीटर पहले बनाए गए बैरिकेडिंग स्थल और प्रतिमा विसर्जन के लिए तैयार किए गए पानी से भरे गड्ढे के पास पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। यातायात पुलिस और दमकल टीम के साथ करीब 70 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। पुलिस ने श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ वाहनों के आवागमन को भी व्यवस्थित रखा।
गुन्नौर क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा और बबराला थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने राजघाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, विद्या कुंज इंटरनेशनल स्कूल में स्थापित गणेश प्रतिमा का विसर्जन स्कूल परिसर में बनाए गए कुंड में किया गया। प्रतिमा विसर्जन के बाद मंजू गोयल, अतुल गोयल, पूजा रागिनी मोहन मित्र गोयल, कार्तिक, सोनू, गर्वित प्रिया कविता नम्रता डॉ कैलाश विजय गोयल अमित यादव आदि श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए और भावुक मन से अगले वर्ष पुन: आगमन का न्योता देते हुए विदाई दी।
रिपोर्ट- डिंपल ठाकुर
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

