बल्लभगढ़ में सफाई कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन, ईकोग्रीन की ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर सड़क पर फैलाया कूड़ा !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···अंबेडकर चौक के पास कूड़े के खत्ते पर जेसीबी के सामने डटे कर्मचारी, पुलिस से तीखी नोकझोंक
···6 सितंबर तक बढ़ी हड़ताल, 5 सितंबर को निकाय मंत्री के आवास के घेराव की चेतावनी
फरीदाबाद
बल्लभगढ़ में हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों का गुरुवार को विरोध प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब कर्मचारियों ने कूड़ा लेकर जा रही ईकोग्रीन की छोटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर उसमें भरा कूड़ा सड़क पर फैला दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों को सड़क से हटाया। इस दौरान पुलिस और हड़ताली कर्मचारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही।
इससे पहले करीब 50 हड़ताली सफाई कर्मचारी अंबेडकर चौक के पास स्थित कूड़े के खत्ते पर पहुंच गए। वहां नगर निगम की टीम जेसीबी की मदद से कूड़ा उठा रही थी। कर्मचारियों ने जेसीबी के सामने खड़े होकर काम रुकवाने का प्रयास किया। मौके पर पहले से पुलिस बल तैनात था। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों को कूड़े के ढेर से दूर हटाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी विरोध पर डटे रहे। काफी समझाने के बाद पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर सड़क पर फैलाया कूड़ा
कूड़े के खत्ते से हटाए जाने के बाद सफाई कर्मचारी अंबेडकर चौक की ओर जाकर एकत्रित हो गए। इसी दौरान कूड़ा लेकर गुजर रही ईकोग्रीन की छोटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कर्मचारियों ने रोक लिया। आरोप है कि कर्मचारियों ने ट्रैक्टर में भरा कूड़ा सड़क पर ही फैला दिया।
सड़क पर कूड़ा फैलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को वहां से हटाकर यातायात एवं कूड़ा उठाने का काम सुचारु कराने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
दो घंटे तक पुलिस की मौजूदगी में उठाया गया कूड़ा
करीब दो घंटे तक पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से कूड़े के खत्ते से कूड़ा उठाने का काम जारी रखा। हड़ताली कर्मचारी लगातार इसका विरोध करते रहे और पुलिसकर्मियों से बहसबाजी होती रही। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए कर्मचारियों को कूड़ा उठाने के कार्य से दूर रखा।
‘सरकार पुलिस के बल पर कूड़ा उठवा रही’—नरेश भगवान
बल्लभगढ़ नगर निगम जोन के सफाई कर्मचारी प्रधान नरेश भगवान ने आरोप लगाया कि प्रशासन पुलिस बल की मौजूदगी में जबरदस्ती कूड़ा उठवा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सफाई कर्मचारियों की है, लेकिन सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय हड़ताल को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
नरेश भगवान ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को अभी तक पक्का नहीं किया गया है और उनकी अन्य मांगों पर भी सरकार गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी और शहर से कूड़ा उठाने का विरोध किया जाएगा।
‘मांगें मानें तो दो दिन में चमका देंगे शहर’
सफाई कर्मचारी प्रधान ने कहा कि यदि सरकार उनकी सभी मांगें मान लेती है तो कर्मचारी महज दो दिन में पूरे शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होने के कारण हड़ताल को अब 6 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 5 सितंबर को सफाई कर्मचारी निकाय मंत्री के आवास का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्ट–अरुण शर्मा,
फरीदाबाद ब्यूरो चीफ
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

