जिलाधिकारी ने सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के दिए निर्देश !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···राष्ट्रीय राजमार्ग, गंगा एक्सप्रेसवे सहित जनपद की प्रमुख सड़कों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
सम्भल (बहजोई), 02 सितम्बर 2026
आज जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं जनपद की अन्य सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों को चिह्नित करते हुए तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी सड़क पर गड्ढे न रहें और सड़कों को गड्ढामुक्त रखना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यूपीडा के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे पर जहां-जहां आवश्यकता हो, वहां पर्याप्त एवं स्पष्ट साइनेज लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा हो तथा सड़क सुरक्षा बनी रहे।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त अथवा टूटी हुई रेलिंग को तत्काल दुरुस्त कराने अथवा आवश्यकतानुसार बदलवाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। लहरावन के पास सड़क की स्थिति का यूपीडा, एनएचएआई एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम कैल के पास जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित अन्य संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करें तथा सड़कों की गुणवत्ता एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने नई सड़कों के निर्माण एवं अन्य सड़क संबंधी कार्यों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें जनसामान्य के आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुनील प्रकाश, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग राजीव कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग राकेश कुमार सहित यूपीडा एवं एनएचएआई के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट– संजीव गुप्ता
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

