एनआईटी में नामचीन रेस्टोरेंट्स पर छापे, ओम स्वीट्स पर ₹6 लाख और हल्दीराम पर ₹2 लाख का जुर्माना !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई में पांच प्रतिष्ठानों की जांच, कुल ₹14.45 लाख के चालान
···खुले में मिली खाद्य सामग्री, सफाई व्यवस्था में खामियां; एक ही तेल के बार-बार इस्तेमाल पर भी जताई आपत्ति
फरीदाबाद, 3 सितंबर।
एनआईटी क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओम स्वीट्स और हल्दीराम सहित पांच खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। टीम ने इस दौरान रेस्टोरेंट्स में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव, खाना बनाने की प्रक्रिया और कर्मचारियों द्वारा अपनाए जा रहे स्वच्छता मानकों की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी सामने आई। इसके बाद पांचों रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹14 लाख 45 हजार के चालान किए गए। इनमें ओम स्वीट्स पर ₹6 लाख और हल्दीराम पर ₹2 लाख का जुर्माना लगाया गया।
खुले में रखी मिली खाद्य सामग्री, कर्मचारी बिना ग्लव्स के मिले
नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली। इसके अलावा कई जगह साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। खाना बनाने वाले कुछ कर्मचारी बिना ग्लव्स के खाद्य पदार्थ तैयार करते मिले, जिसे टीम ने गंभीरता से लिया।
टीम ने रसोई और अन्य हिस्सों का निरीक्षण करते हुए खाद्य सामग्री के रखरखाव तथा खाना तैयार करने की प्रक्रिया की भी जांच की।
एक ही तेल के बार-बार इस्तेमाल पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान ओम स्वीट्स में खाना बनाने के लिए एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई। इसके अलावा कुछ प्रतिष्ठानों में कूड़ा पड़ा मिला, जिससे दुर्गंध की समस्या थी। टीम ने इन खामियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों के विपरीत मानते हुए कार्रवाई की।
संचालकों को दिए सख्त निर्देश
स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम ने रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सामग्री हमेशा ढककर और सुरक्षित तरीके से रखने, खाना तैयार करते समय आवश्यक स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा रसोई और पूरे परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
शहरभर में आगे भी जारी रहेगी जांच
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने कहा कि शहर के रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की समय-समय पर जांच जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला होने के कारण नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट–अरुण शर्मा,
फरीदाबाद ब्यूरो चीफ
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

