चंदीला फूड होटल में कर्मचारी पर जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···पिस्टल तानकर फायरिंग की कोशिश, होंडा सिविक कार और हथियार बरामद!
अरुण शर्मा, फरीदाबाद
फरीदाबाद के सेक्टर-12 मोड़ स्थित चंदीला फूड होटल में कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान केशव शर्मा निवासी सेक्टर-3 फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में वारदात में प्रयुक्त होंडा सिविक कार, पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव चंदावली निवासी अभिषेक ने थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सेक्टर-12 मोड़ स्थित चंदीला फूड होटल में कार्यरत है। शिकायत में बताया गया कि 20 मई की सुबह करीब 5:30 बजे वह अपने साथी अशोक और अन्य कर्मचारियों के साथ होटल पर मौजूद था। इसी दौरान एक कार में सवार होकर तीन युवक होटल पहुंचे और ऑर्डर के बहाने उसे अपनी कार के पास बुलाने लगे।
जैसे ही अभिषेक कार के पास पहुंचा, युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कार की पिछली सीट पर बैठे युवक ने बाहर निकलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कार की अगली सीट पर बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर अभिषेक की छाती पर तान दी और गोली चलाने का प्रयास किया।
घटना के दौरान अभिषेक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए खुद का बचाव किया। होटल कर्मचारियों की मदद से आरोपियों के हाथ से पिस्टल छीन ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद थाना सेंट्रल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी केशव शर्मा अपने दो अन्य साथियों के साथ होटल पर खाना खाने आया था। इसी दौरान होटल कर्मचारियों के साथ कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि केशव के साथी रोहित ने पिस्टल निकालकर होटल कर्मचारी पर फायर करने की कोशिश की थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल होंडा सिविक कार को कब्जे में ले लिया है। साथ ही मौके से एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और वारदात में शामिल बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

