सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के नामों पर भाजपा में मंथन तेज, दोनों पदों के लिए दो-दो दावेदारों के नाम चर्चा में !
|
😊 Please Share This News 😊
|

–कृष्णपाल गुर्जर और विपुल गोयल खेमे के पार्षदों से हुई चर्चा, अभी किसी नाम पर अंतिम सहमति नहीं
रिपोर्ट–अरुण शर्मा, फरीदाबाद
फरीदाबाद नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर भाजपा में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दोनों पदों के लिए नामों पर सहमति बनाने के उद्देश्य से सोमवार को सेक्टर-15 स्थित भाजपा कार्यालय अटल कमल में कई घंटे तक बैठक चली। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के खेमे से जुड़े पार्षदों के साथ संभावित उम्मीदवारों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। हालांकि, दोनों पदों के लिए अभी तक किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।
प्रदेश सरकार ने दोनों पदों के लिए नामों पर सहमति बनाने की जिम्मेदारी हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल, विधायक घनश्याम अरोड़ा और पूर्व मेयर अवनीत कौर को सौंपी थी। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा कार्यालय में पार्षदों के साथ बैठक कर उनकी पसंद और दावेदारों के नामों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सरकार की ओर से आए प्रतिनिधिमंडल ने पार्षदों से अलग-अलग पदों के लिए उनकी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी ली। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए दो-दो नाम सामने आए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समर्थक पार्षदों ने पहले से चर्चा में चल रहे नामों की पैरवी की, जबकि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के खेमे की ओर से कुछ नए नाम सुझाए गए।
दोनों खेमों के बीच नामों को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में अब सबकी निगाहें प्रदेश नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि अंतिम निर्णय राजनीतिक समीकरणों और सभी पक्षों के बीच सहमति के आधार पर लिया जाएगा।
–बैठक से पहले अनाज मंडी पहुंचे वेदपाल
भाजपा कार्यालय में बैठक से पहले हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने बल्लभगढ़ अनाज मंडी का दौरा किया। इसके बाद नगर निगम के दोनों प्रमुख पदों के लिए नामों पर विचार-विमर्श की प्रक्रिया आगे बढ़ी। फिलहाल, भाजपा के भीतर दावेदारों के नामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और अंतिम फैसले का इंतजार किया जा रहा है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

