आज से जगमगाएगा तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे भव्य शुभारंभ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

आज से जगमगाएगा तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे भव्य शुभारंभ!

😊 Please Share This News 😊

–विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की मौजूदगी में होगा चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज, तैयारियां पूरी

–डॉ. अरविंद शर्मा बोले, सूरजकुंड दिवाली मेला बनेगा भारतीय संस्कृति, हस्तशिल्प और लोक कलाओं के संरक्षण का बड़ा मंच

–300 स्टॉलों पर दिखेगा देशभर के शिल्पकारों का हुनर, सूफी गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति रहेगी विशेष आकर्षण

–प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हरियाणा सरकार : डॉ. अरविंद शर्मा

–26 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में होगा समापन, दिल्ली-एनसीआर सहित पड़ोसी राज्यों के पर्यटकों को किया आमंत्रित

फरीदाबाद, 22 अक्टूबर।

      हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और पारंपरिक हस्तशिल्प को नई पहचान देने के उद्देश्य से तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का शुक्रवार को भव्य आगाज होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। पर्यटन विभाग की ओर से मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। 23 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और लोक संगीत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां पर्यटक दिवाली की खरीदारी के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकारों की कलाकृतियों से रूबरू हो सकेंगे।

     प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला केवल उत्सव या खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और शिल्पकारों की प्रतिभा को सम्मान देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा को विशेष पहचान दिलाई है। अब दिवाली मेले के माध्यम से इस पहचान को और विस्तार दिया जा रहा है।

     डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि पर्यटन गतिविधियों का लाभ स्थानीय कलाकारों, कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे व्यापारियों तक पहुंचे। ऐसे आयोजनों से जहां पारंपरिक कलाओं को संरक्षण मिलता है, वहीं रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

–300 स्टॉलों पर सजेगा देशभर के शिल्पकारों का हुनर

     विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि मेले में लगभग 300 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक कलाकृतियां, सजावटी सामान और दिवाली से जुड़े विभिन्न उत्पाद उपलब्ध होंगे। पर्यटकों को एक ही स्थान पर देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इससे शिल्पकारों की आमदनी बढ़ाने के साथ पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

–कंवर ग्रेवाल की सूफियाना प्रस्तुति से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

     डॉ.अरविंद शर्मा ने बताया कि चार दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहेंगे। प्रसिद्ध सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। मेला परिसर में विशाल फूड कोर्ट की व्यवस्था भी की गई है, जहां पर्यटक विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन परिवारों के लिए खरीदारी, मनोरंजन और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का शानदार अवसर होगा।

–सांस्कृतिक विरासत के साथ पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

      डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पर्यटन को सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। सूरजकुंड जैसे आयोजनों से होटल, खानपान, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की ऐतिहासिक धरोहरें, लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाएं हमारी अमूल्य पूंजी हैं। सरकार इनका संरक्षण करने के साथ प्रदेश को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

–26 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे समापन समारोह में शिरकत

     विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का समापन 26 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पड़ोसी राज्यों के लोगों से सपरिवार मेले में पहुंचने का आह्वान किया। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि दिवाली का पर्व खुशियां बांटने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। सूरजकुंड दिवाली मेला इसी भावना के साथ देश की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर लाने का प्रयास है। उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों और कलाकारों का उत्साहवर्धन करने तथा स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी को प्राथमिकता देने की अपील की।

सोमेश शर्मा (राज्य ब्यूरो चीफ) हरियाणा।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
error: Content is protected !!