DND-KMP का नया लिंक खुला, फरीदाबाद को मिलेगी दिल्ली से तेज कनेक्टिविटी !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता तक 9 किलोमीटर मार्ग ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खुला, 7.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड
फरीदाबाद
दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे से जुड़े DND-KMP एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर दिल्ली के महारानी बाग स्थित DND फ्लाईओवर से जैतपुर पुश्ता रोड तक करीब 9 किलोमीटर लंबे हिस्से को ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोल दिया गया है। इस मार्ग का करीब 7.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड है। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विधिवत उद्घाटन किए जाने के बाद इस मार्ग को पूरी तरह से जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
फरीदाबाद-दिल्ली आवागमन को मिलेगा वैकल्पिक मार्ग
इस लिंक के शुरू होने से फरीदाबाद से दिल्ली आने-जाने वाले वाहन चालकों को मथुरा रोड, बदरपुर और कालिंदी कुंज के जाम से बचने के लिए एक वैकल्पिक तेज मार्ग मिलेगा। इससे दिल्ली और नोएडा से फरीदाबाद की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। खासकर पीक ऑवर के दौरान यात्रियों के सफर का समय कम होने की उम्मीद है।
DND-KMP कॉरिडोर को दिल्ली के महारानी बाग से आगे फरीदाबाद होते हुए पलवल के मंडकौला और KMP एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है। कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों में दिल्ली से जैतपुर पुश्ता तक करीब 9 किलोमीटर, इसके बाद फरीदाबाद तक करीब 24 किलोमीटर और फरीदाबाद से KMP एक्सप्रेसवे तक करीब 26 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है। कॉरिडोर के अन्य हिस्सों पर अभी निर्माण कार्य जारी है।
फरीदाबाद के लिए नई लाइफलाइन : गुर्जर
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने DND-KMP के इस हिस्से के शुरू होने को फरीदाबाद के लिए नई लाइफलाइन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रयासों से फरीदाबाद को आधुनिक सड़क नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी जोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर करीब आधे घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के मझावली से ग्रेटर नोएडा तक के हिस्से को भी जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद है।
सड़क के साथ रेलवे कनेक्टिविटी पर भी जोर
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में सड़क कनेक्टिविटी के साथ रेलवे क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर काम किया गया है। रेलवे फाटकों को समाप्त करने की दिशा में काम हुआ है। साथ ही करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का रेलवे स्टेशन तैयार किया जा रहा है।
DND-KMP कॉरिडोर के विभिन्न हिस्सों के शुरू होने के बाद फरीदाबाद की दिल्ली, नोएडा, पलवल, जेवर और ग्रेटर नोएडा से कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है। इससे न केवल रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि शहर के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास को भी गति मिलने की संभावना है।
रिपोर्ट– अरुण शर्मा, फरीदाबाद
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

