आमजन की समस्याओं का प्रभाबी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी
|
😊 Please Share This News 😊
|

(समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी और जनसंवाद पोर्टल की लंबित शिकायतों पर समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश)
फरीदाबाद, 20 मार्च।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावशाली निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर किसी औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जनता और प्रशासन के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम हैं। डीसी आयुष सिन्हा ने आज लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की।
डीसी आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का निवारण विभागीय अधिकारी प्राथमिकता के साथ करें। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर ऐसा हो, जिससे शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें संबंधित पोर्टल से समयबद्ध रूप से हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबित मामलों के आंकड़ों में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक पेंडेंसी पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित सभी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की पूरी जानकारी रखें और उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत निवारण केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रशासन तथा जनता के बीच विश्वास बढ़ाना है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि कई बार शिकायतें बहु-विभागीय होती हैं, जिन्हें केवल एक विभाग ही हल नहीं कर सकता। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे ऐसी शिकायतों को संबंधित विभागों को तुरंत अवगत कराएं और संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि समस्याएं लंबित न रहें और जनता को समय पर राहत मिल सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला स्तर पर लघु सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
समीक्षा बैठक में बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, एसीपी राजीव कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
संजीव जेतली (फरीदाबाद विशेष संवाददाता)
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

