13 में से 12 मांगों पर सरकार की मुहर, लिखित आदेश का इंतजार !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···विपुल गोयल से मिले सफाई कर्मचारी नेता, आदेश जारी होते ही हड़ताल खत्म करने पर विचार
अरुण शर्मा | फरीदाबाद ब्यूरो चीफ
फरीदाबाद
शहर की चरमराई सफाई व्यवस्था के बीच ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री संदीप कुमार वाल्मीकि और समाजसेवियों के साथ स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए हड़ताल खत्म कराने के लिए सरकार की ओर से मानी गई मांगों के लिखित आदेश जारी करने की मांग उठाई।
बैठक के बाद प्रेस वार्ता में मंच के प्रधान मुकेश कर्मा ने बताया कि मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया है। कर्मा के अनुसार, सरकार 13 में से 12 मांगों पर सहमति जता चुकी है और इन मांगों के संबंध में लिखित आदेश जारी करने की प्रक्रिया सरकारी स्तर पर चल रही है।
लिखित आदेश पर टिकी हड़ताल खत्म होने की उम्मीद
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लंबे समय से हड़ताल के कारण शहर के कई हिस्सों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है और जगह-जगह कचरा जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि मौजूदा स्थिति कर्मचारियों के परिवारों के लिए भी चिंता का कारण बन रही है।
मुकेश कर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा मानी गई मांगों के लिखित आदेश जल्द जारी होते हैं तो कर्मचारी हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने पर विचार कर सकते हैं। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी नजर सरकार की ओर से जारी होने वाले लिखित आदेश पर है।
प्रेस वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री संदीप कुमार वाल्मीकि, समाजसेवी अशोक जॉर्ज, मंच के प्रधान मुकेश कर्मा सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द लिखित आदेश जारी कर लंबे समय से चल रहे गतिरोध का समाधान करेगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

