शिक्षक दिवस पर भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन !
|
😊 Please Share This News 😊
|

···उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
सम्भल (बहजोई), 05 सितंबर 2026
आज शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष भाजपा हरेंद्र सिंह रिंकू जी तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गुन्नौर अजीत कुमार राजू यादव जी ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह के दौरान राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह का सजीव प्रसारण उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर शिक्षकों के सम्मान तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित कार्यक्रम भी उपस्थित लोगों ने देखा एवं सुना।
कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं। राष्ट्रीय निर्माण में शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान होता है। शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, संस्कार एवं दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), गूगल एवं स्मार्टफोन जैसी तकनीकों के बढ़ते प्रभाव के बीच शिक्षकों के सामने नई चुनौतियां हैं। ऐसे में शिक्षकों को नवाचार, तकनीक एवं आधुनिक शिक्षण विधियों को अपनाते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि अभिभावकों एवं समाज में सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास को और मजबूत किया जाए तथा विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए।
पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गुन्नौर अजीत कुमार राजू यादव ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे विद्यार्थियों के चरित्र, व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से बदलते समय के अनुरूप तकनीक एवं नवाचार को शिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यार्थियों की क्षमता को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे, यही शिक्षक दिवस की वास्तविक सार्थकता है।
समारोह के दौरान बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश शासन श्रीमती गुलाब देवी जी के प्रतिनिधि विकास वार्ष्णेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रपाल सिंह सहित बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

