गुरुवंदन एवं छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन !
|
😊 Please Share This News 😊
|

जबलपुर, मध्यप्रदेश /24 अगस्त, 2026
भारत विकास परिषद के तत्वावधान में देवी अहिल्याबाई शाखा, जबलपुर द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मदन महल, दशमेश द्वार, राम मंदिर के पास, जबलपुर में गुरुवंदन एवं छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली से पधारीं श्रीमती रश्मि चौकसे राय, भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा, गुरुग्राम से विशेष रूप से उपस्थित रहीं। श्रीमती रश्मि चौकसे राय फाउंडर एवं डायरेक्टर, माय कोचिंग क्लास तथा श्री महाकाल सेवा समिति, गुरुग्राम, हरियाणा से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने जानकारी दी की महाराणा प्रताप शाखा गुरुग्राम द्वारा विवेकानंद आरोग्य केंद्र का संचालन किया जाता है, जहाँ कैंसर की कीमोथेरेपी, किडनी डायलिसिस, हृदय रोगों का उपचार एवं एंजियोप्लास्टी जैसी चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
श्रीमती रश्मि चौकसे राय के साथ उनकी पुत्री गौरी राय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। गौरी राय एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं तथा आइस स्केटिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विंटर खेलों में देश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। उनकी उपस्थिति ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं प्रेरणा का संचार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से वन्देमातरम् गीत का पूर्ण गायन किया।
कार्यक्रम का सुचारु एवं गरिमापूर्ण संचालन श्रीमती प्रेरणा साहू द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य श्री सुभाष तिवास्कर जी की गरिमामयी उपस्थिति उल्लेखनीय रही। श्री तिवास्कर जी द्वारा विद्यालय के प्राचार्य श्री नरेश पराशर जी का शॉल, श्रीफल, माला एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती रश्मि चौकसे राय का अभिनंदन शाखा अध्यक्ष श्रीमती लता तिवास्कर द्वारा किया गया। उन्होंने श्रीमती रश्मि चौकसे राय को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अपने उद्बोधन में श्रीमती लता तिवास्कर ने उपस्थितजनों को भारत विकास परिषद के उद्देश्यों एवं सेवा कार्यों से परिचित कराया तथा गुरुवंदन एवं छात्र अभिनंदन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और गुरु का सम्मान हमारी भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है।
मुख्य अतिथि श्रीमती रश्मि चौकसे राय ने अपने संबोधन में अपने विद्यालयीन जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। वे स्वयं सरस्वती विद्यालय की भूतपूर्व छात्रा रही हैं। उन्होंने विद्यालय से जुड़ी अपनी पुरानी स्मृतियों एवं अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों के साथ आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित किया तथा उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती रश्मि चौकसे राय के साथ उनके भाई श्री राम चौकसे जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संबोधन दिया तथा गुरु-शिष्य के बीच सम्मान, संस्कार एवं आत्मीयता से जुड़े संबंधों के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों का शॉल, श्रीफल एवं माला पहनाकर गुरुवंदन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती प्रीति रावत द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन किया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, देवी अहिल्याबाई शाखा के पदाधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सोमेश शर्मा (राज्य ब्यूरो चीफ)
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

