स्कूल से सटे दो ट्रांसफार्मरों में भीषण आग, समय रहते बच्चों को बाहर निकालने से टला बड़ा हादसा ! – Republic Hindustan News

Republic Hindustan News

Latest Online Breaking News

स्कूल से सटे दो ट्रांसफार्मरों में भीषण आग, समय रहते बच्चों को बाहर निकालने से टला बड़ा हादसा !

😊 Please Share This News 😊

(ओवरलोड से तार चिपके, तेज धमाकों के साथ धधके ट्रांसफार्मर; 300 से अधिक घरों की बिजली गुल)

रिपोर्ट– अरुण शर्मा, फरीदाबाद

फरीदाबाद जिले के गांव मुजेसर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के समीप लगे दो बिजली ट्रांसफार्मरों में गुरुवार दोपहर ओवरलोडिंग के कारण अचानक भीषण आग लग गई। पहले ट्रांसफार्मरों की तारें आपस में चिपकीं, जिसके बाद तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। देखते ही देखते तेज धमाकों जैसी आवाजों के साथ दोनों ट्रांसफार्मर आग की लपटों में घिर गए। घटना से स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रांसफार्मर स्कूल की चारदीवारी से सटे होने तथा हाई वोल्टेज बिजली की लाइनें स्कूल भवन के ऊपर से गुजरने के कारण किसी भी अनहोनी की आशंका बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के अध्यापकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित स्कूल परिसर से बाहर निकाला और एहतियात के तौर पर निर्धारित समय से करीब 30 मिनट पहले ही छुट्टी कर दी। शिक्षकों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वहीं, स्कूल के बाहर रेहड़ी-पटरी लगाने वाले दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें तुरंत हटा लीं। स्थानीय निवासी भगत पर्सवाल, रिंकू, संदीप, ममता, कुलदीप, संगीता और सोनू ने बताया कि इन ट्रांसफार्मरों में पहले भी कई बार स्पार्किंग हो चुकी थी। इसकी शिकायत बिजली निगम के अधिकारियों से कई बार की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाती तो इस हादसे से बचा जा सकता था।

सूचना मिलने पर बिजली निगम की टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

आग लगने से गांव मुजेसर के गढ़ी, जाखड़, लांबा और कोली मोहल्ला सहित आसपास के 300 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमसभरी गर्मी के बीच लंबे बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली निगम की टीम क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कर मरम्मत एवं बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुटी रही।

नया ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी

क्षेत्र के जेई राम महर सिंह ने बताया कि आग से दोनों ट्रांसफार्मरों को गंभीर क्षति पहुंची है, इसलिए नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने की उम्मीद है। तब तक दूसरे ट्रांसफार्मर से अस्थायी कनेक्शन देकर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
error: Content is protected !!