अंजलि धाम में दिखा हनुमान जन्मोत्सव का अनोखा स्वरूप !
|
😊 Please Share This News 😊
|

(भव्य शोभायात्रा, झांकियों और “बाबा हनुमान” जन्म की जीवंत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर)
आगरा
आवास विकास क्षेत्र स्थित अंजलि धाम में हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन इस वर्ष बेहद भव्य और अनोखे स्वरूप में किया गया। पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हर ओर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ सीताराम मंदिर, नगला अजीता, सेक्टर 8 से सांय 5 बजे हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में 50 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जो भगवान श्री राम और हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाती हुई श्रद्धा का संदेश दे रही थीं।
ढोल-नगाड़ों की गूंज और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर अन्य शहरों से आए एक दर्जन अखाड़ों ने अपने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अखाड़ों के प्रदर्शन शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहे और लोगों ने खूब सराहना की।
अंजलि धाम का मंच इस आयोजन का विशेष केंद्र बना, जहां राम भक्त भगवान हनुमान के स्वरूप में “बाबा हनुमान” के जन्म का जीवंत और भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई टेम्पू स्टैंड के सामने सेक्टर 7 के मैदान में संपन्न हुई। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।
कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही और आयोजन समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान अंजलि धाम में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला, जिसने इस हनुमान जन्मोत्सव को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर सुनील पाराशर, गुंजन पाराशर, भूपेन्द्र सारस्वत, प्रदीप शर्मा, सुनील शुक्ला, विवेक पाराशर, विनोद माहोर, करन गर्ग, राज कुमार पथिक, अजय कुशवाहा, शिवम दुर्वे, अनुज पाठक, मीडिया प्रभारी अमोल दीक्षित,डॉ लक्ष्मी रानी, मंजू सिंह, प्रोफेसर आशुतोष भंडारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

